पटना में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा शहर, महिलाओं ने किया स्वागत
पटना, संवाददाता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक दिवसीय बिहार दौरे पर राजधानी पटना पहुंचे, जहां उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन का उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों का शिलान्यास किया। इस सरकारी कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी ने पटना की सड़कों पर भव्य रोड शो किया, जिसमें लोगों का उत्साह देखने लायक था।
प्रधानमंत्री का काफिला एयरपोर्ट से बेली रोड होते हुए शेखपुरा मोड़, इनकम टैक्स गोलंबर और संजय गांधी जैविक उद्यान से होते हुए सीधे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय तक पहुंचा। लगभग 5 किलोमीटर लंबा यह रोड शो देशभक्ति नारों और जनसमूह की जयकारों के बीच ऐतिहासिक बन गया।
जनसैलाब उमड़ा, महिलाएं दिखीं अग्रणी भूमिका में
रोड शो के दौरान बेली रोड से लेकर भाजपा कार्यालय तक हजारों की संख्या में लोग सड़कों के दोनों किनारों पर खड़े दिखे। खासकर महिलाएं पारंपरिक परिधानों में ‘पीएम मोदी का अभिनंदन है’ के नारों के साथ तिरंगा लहराते हुए प्रधानमंत्री का स्वागत करती रहीं। कई स्थानों पर महिलाओं ने ‘2025 एक बार फिर नीतीश’ के नारे भी लगाए, जिससे राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला।
‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा पटना
सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच लोग बैरिकेडिंग के पीछे खड़े होकर प्रधानमंत्री को एक झलक पाने को बेताब नजर आए। मोदी-मोदी और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा पटना शहर गूंज उठा। झंडे, बैनर, फूलों और नारों से सजे इस रोड शो में राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ आम लोगों की भावनाएं साफ झलक रही थीं।
50 हजार करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
इससे पहले पीएम मोदी ने बिहार को करीब 50 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें हवाई सेवाओं के साथ-साथ आधारभूत संरचनाओं को लेकर कई परियोजनाएं शामिल हैं। इसके तुरंत बाद उनका रोड शो शुरू हुआ, जिसे लेकर शहर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं।
बीजेपी कार्यालय में करेंगे बैठक, राजभवन में विश्राम
रोड शो के समापन के बाद प्रधानमंत्री बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके बाद वे रात्रि विश्राम के लिए राजभवन जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था रही अभूतपूर्व
पीएम के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी रही। बेली रोड से इनकम टैक्स गोलंबर तक भारी संख्या में पुलिस बल, एनएसजी कमांडो और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। ट्रैफिक को लेकर विशेष प्लानिंग की गई थी ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।