पिथौरागढ़
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की हेलीकॉप्टर यात्रा उस समय अचानक बाधित हो गई जब खराब मौसम के कारण पिथौरागढ़ में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे भी मौजूद थे। दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बताया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार अपनी यात्रा पर मिलम की ओर जा रहे थे, जहाँ से उन्हें नंदा देवी बेस कैंप की ट्रैकिंग करनी थी। लेकिन अपराह्न करीब 1 बजे, जब हेलीकॉप्टर रास्ते में था, अचानक मौसम बिगड़ने से पायलट को लैंडिंग का फैसला लेना पड़ा। हेलीकॉप्टर को तुरंत पिथौरागढ़ के नजदीकी हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया गया।
आपात लैंडिंग के तुरंत बाद जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुँचे और दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं और मौसम के साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राजीव कुमार ने हाल ही में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने देश के अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनावों का भी कार्यक्रम जारी किया है।