पीएम मोदी ने एनडीए उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन से की मुलाकात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन से दिल्ली में भेंट की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनके लंबे राजनीतिक जीवन, सार्वजनिक सेवा और अनुभव की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
मोदी ने एक्स पर लिखते हुए कहा कि “थिरु सी.पी. राधाकृष्णन जी से मुलाकात कर उन्हें एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनने पर शुभकामनाएं दीं। सार्वजनिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उनके वर्षों का अनुभव राष्ट्र के लिए अमूल्य योगदान साबित होगा। वे हमेशा की तरह समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ देश की सेवा करते रहें, यही मेरी कामना है।”
गौरतलब है कि रविवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद एनडीए ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने की। यह निर्णय मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद लिया गया है। धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वे अगस्त 2022 से उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यरत थे और अपने कार्यकाल के केवल दो वर्ष पूरे कर पाए।
अब पूरे देश की निगाहें उपराष्ट्रपति चुनाव पर टिकी हैं, जहां सी.पी. राधाकृष्णन एनडीए के प्रत्याशी के रूप में मैदान में होंगे।