प्रेमचंद रंगशाला में हास्य का तूफान, ‘दुश्मन उर्फ सैंया मगन पहलवानी में…’ का सफल मंचन
पटना।
माध्यम फाउंडेशन, पटना के तत्वावधान में रविवार संध्या प्रेमचंद रंगशाला में चर्चित हास्य नाटक ‘दुश्मन उर्फ सैंया मगन पहलवानी में सारा घर परेशानी में’ का भव्य मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन बिहार कला पुरस्कार से सम्मानित रंगकर्मी धर्मेश मेहता ने किया, जबकि इसकी रचना केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित नाटककार दया प्रकाश सिन्हा द्वारा की गई है।
अतिरंजित हास्य शैली में प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखा। संवाद, आंगिक अभिनय और परिस्थितिजन्य हास्य के माध्यम से ऐसा वातावरण बना कि प्रेक्षागृह बार-बार ठहाकों से गूंज उठा। दर्शकों की निरंतर प्रतिक्रिया ने नाटक की सफलता पर मुहर लगा दी।
एक दृश्य और पांच पात्रों पर आधारित इस नाटक की कहानी एक पहलवान परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। कथानक का केंद्र बिंदु है हिकमत सिंह, जो अपने दुश्मन से हर हाल में ‘बीस’ रहने का प्रण निभाने के लिए अजीबो-गरीब परिस्थितियों में फंसता चला जाता है। दुश्मनी को बिना शारीरिक संघर्ष के निभाने की यह सोच, आज के सामाजिक संदर्भ में भी गहरी टिप्पणी करती नजर आई।

मंच पर धर्मेश मेहता ने मामू की भूमिका निभाई, वहीं दुर्गेश्वर विश्वकर्मा (हिकमत सिंह), सोनल कुमारी (लाली), चित्र प्रिया (मां) और विक्की पोद्दार (गोली प्रसाद) ने अपने सशक्त अभिनय से पात्रों को जीवंत कर दिया। सभी कलाकारों का सामूहिक प्रदर्शन सराहनीय रहा।
नाटक के सहायक निर्देशक देवेंद्र झा रहे, जबकि संगीत और प्रकाश परिकल्पना की जिम्मेदारी राज कपूर ने संभाली। प्रस्तुति में संस्था के कलाकार राकेश कुमार, मोहम्मद सदारुद्दीन, मीना देवी, मनोज और डॉ. रविंद्र कुमार चंद्र का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पदाधिकारी समीर परिमल, संस्कृति प्रकोष्ठ से जुड़े वरुण सिंह, सहित रविकांत सिंह, सनत तिवारी और रमेश चंद्र मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि इस नाटक का अगला मंचन 30 दिसंबर को संध्या 6:30 बजे प्रेमचंद रंगशाला में पुनः किया जाएगा। आयोजकों ने रंगमंच प्रेमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
