बिहार दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, PMCH शताब्दी समारोह में होंगी शामिल
पटना। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के तहत सोमवार को पटना पहुंचीं। पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस दौरान वे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी, जिसका आयोजन बापू सभागार में किया गया है।
शताब्दी समारोह का करेंगी उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 12:15 बजे बापू सभागार में आयोजित PMCH शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी। कार्यक्रम में उनके लगभग 75 मिनट तक रहने की संभावना है। इस दौरान वे बिहार के चिकित्सा जगत में PMCH के योगदान पर अपना संबोधन देंगी।
सुरक्षा के तगड़े इंतजाम, ट्रैफिक प्लान बदला
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। उनके काफिले की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, सुबह 11 बजे से एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से राजभवन होते हुए, बेली रोड, अटल पथ और जेपी गंगा पथ के रास्ते बापू सभागार पहुंचेगा। वहीं, कार्यक्रम के बाद उनकी वापसी विधानसभा मार्ग, एग्जीबिशन रोड फ्लाईओवर और पटना जंक्शन फ्लाईओवर होते हुए राजभवन की ओर होगी।
कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। बेली रोड, हड़ताली मोड़, अटल पथ, गांधी मैदान और जेपी गंगा पथ के कुछ हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है, जिससे आम लोगों को असुविधा न हो।
राष्ट्रपति का यह दौरा बिहार के स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। PMCH के शताब्दी समारोह के माध्यम से बिहार के चिकित्सा क्षेत्र में नए बदलावों की संभावना जताई जा रही है।