रक्षाबंधन से पूर्व एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में मनाया गया वृक्ष सुरक्षा दिवस
सिमराही। नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में रक्षाबंधन के पूर्व वृक्ष सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय में नवगठित इको क्लब के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक राखियां तैयार कीं और विद्यालय परिसर में लगे पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण एवं वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशानिर्देश के तहत मिशन लाइफ के अंतर्गत विद्यालय परिसर में चेयरमैन महादेव मेहता ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेड़-पौधे और संपूर्ण पर्यावरण हमारे जीवन का आधार हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी के साथ आगे आना चाहिए।

विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि लगातार हो रहे पर्यावरणीय ह्रास के कारण ग्लोबल वार्मिंग समेत कई गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखकर ही इन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविताओं एवं भाषण के माध्यम से पर्यावरण के विभिन्न घटकों के महत्व और उनके संरक्षण के उपायों को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक देश या समाज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरी मानवता की सामूहिक एवं वैश्विक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में विद्यालय के स्पोर्ट्स क्लब की ओर से जूनियर एवं सीनियर वर्ग में वॉलीबॉल, कबड्डी सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पप्पू मेहता, रंजीत लामा, आदर्श लामा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, शिवशंकर मेहता, मनीषा झा, रमेश मुखिया, अर्जुन कुमार, शिवशंकर यादव, काजल राउत, मौली मोदक, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, प्रतिका ठाकुर एवं जूली मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।