रांची

राजधानी रांची के बहुप्रतीक्षित कांटाटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को किया। संत पॉल कैथेड्रल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने इस फ्लाईओवर को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी व गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन और राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर की कुल लंबाई 2240 मीटर और चौड़ाई 16.6 मीटर है। जुडको के तत्वावधान में इस परियोजना का निर्माण पूरा किया गया, जो रांची का पहला और सबसे महत्वपूर्ण फ्लाईओवर है। इसके शुरू होने से राजधानी के व्यस्त मार्गों पर होने वाले जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

फ्लाईओवर पर सुंदर लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, वहीं डिवाइडर पर पौधे लगाकर इसे हरा-भरा लुक दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस उद्घाटन समारोह के दौरान अन्य 27 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 4 योजनाओं का उद्घाटन भी किया, जो राज्य के विभिन्न हिस्सों में विकास को गति देंगे।

लंबे इंतजार के बाद पूरा हुआ निर्माण

कांटाटोली फ्लाईओवर की योजना पिछले दो दशकों से लंबित थी, लेकिन अब इसका मुख्य हिस्सा पूर्ण हो चुका है। हालांकि, फ्लाईओवर पर नामकुम और लालपुर की ओर जाने वाले रैंप का निर्माण कार्य अभी बाकी है। फ्लाईओवर के चालू होने से खासतौर पर खादगढ़ा बस स्टैंड के आस-पास के क्षेत्रों में आवागमन में सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनता को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और रांची के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *