रिषभ पंत की चोट से भारतीय खेमे में हड़कंप, रिकी पोंटिंग ने जताई गंभीर चिंता
मैनचेस्टर। भारत और इंग्लैंड के बीच चौथे टेस्ट के पहले दिन रिषभ पंत की चोट ने भारतीय ड्रेसिंग रूम की चिंता बढ़ा दी है। विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत को इंग्लिश गेंदबाज क्रिस वोक्स की एक गेंद उनके दाहिने पैर के अंगूठे पर लगी, जिसके बाद उन्हें मैदान से स्ट्रेचरनुमा गोल्फ कार्ट से बाहर ले जाया गया। इस घटना पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग ने गहरी चिंता जताई है।
पहले दिन जब पंत 37 रन बनाकर अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी उन्होंने वोक्स की एक फुल लेंथ गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगते हुए सीधे उनके दाहिने पैर की उंगलियों पर जा लगी। हालांकि अंपायर ने पहले उन्हें LBW दे दिया था, लेकिन DRS में साफ हुआ कि गेंद बल्ले से लगी थी, जिससे वह आउट होने से बच गए। मगर इसके बावजूद पंत जमीन पर गिर पड़े और उनके चेहरे पर साफ दर्द झलक रहा था।
मेडिकल टीम ने तत्काल मैदान में पहुंचकर पंत की जांच की और उन्हें स्कैन के लिए स्टेडियम से अस्पताल ले जाया गया। बीसीसीआई ने बयान जारी कर बताया, “रिषभ पंत को बल्लेबाजी के दौरान दाहिने पैर पर चोट लगी है। उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया है और मेडिकल टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।”
पंत की स्थिति पर रिकी पोंटिंग ने Sky Sports पर कहा, “उसने छह से आठ मिनट तक जमीन पर लोटते हुए दर्द झेला। वह अपने पांव पर वजन तक नहीं डाल पा रहा था, जिससे मुझे सबसे ज़्यादा चिंता हुई। मुझे खुद मेटाटार्सल की चोट रही है, और ये बहुत नाजुक हड्डियां होती हैं। अगर यह टूटी है, तो वह सीरीज से बाहर हो सकता है।”
इस चोट के पहले भी पंत तीसरे टेस्ट में उंगली में चोट की वजह से विकेटकीपिंग नहीं कर पाए थे। उनकी जगह विकेट के पीछे के जिम्मेदारी किसी और को निभानी पड़ी थी। अब एक बार फिर यह चोट टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकती है।
इस बीच, भारत ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 264 रन पर चार विकेट खो दिए थे। क्रीज पर रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर नाबाद हैं। डेब्यू मैच खेल रहे साई सुदर्शन ने कहा, “अगर पंत सीरीज से बाहर हो गए तो इसका बड़ा असर पड़ेगा। उनका अनुभव और आक्रामकता टीम के लिए बहुत अहम है।”
पोंटिंग ने कहा, “रिषभ पंत जैसा बल्लेबाज जो विपक्षी टीम पर दबाव बनाता है, उसकी गैरमौजूदगी से भारत की रणनीति प्रभावित होगी। उम्मीद करता हूं कि वह जल्दी ठीक होकर वापसी करें और अगली बार शायद रिवर्स स्वीप से बचें।”
अब सबकी निगाहें पंत की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्योंकि यदि वह शेष सीरीज से बाहर होते हैं, तो यह भारत की जीत की संभावनाओं को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।