धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव की जयंती पर लिया गया संघर्ष का संकल्प
मुंगेर। समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को अपने संस्थापक और समाजवाद के नायक धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयंती को धरतीपुत्र दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक भवन में नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और जिले में प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने की। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने जीवन में धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को हमेशा प्राथमिकता दी। आज उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शासन आम जनता के लिए अभिशाप बन चुका है। अधिकारी पीड़ितों की समस्याओं को सुनने को तैयार नहीं हैं। सपा कार्यकर्ता अब सड़कों पर उतरकर इन मुद्दों को उठाएंगे।
पार्टी के प्रधान महासचिव मनोज कुमार मधुकर ने कहा कि जिले का हर विभाग भ्रष्टाचार में डूबा है। आम जनता का शोषण हो रहा है और अधिकारी मौन धारण किए बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता जनता के हक की लड़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
30 नवंबर को होगा थाने का घेराव
कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई कि कासिम बाजार थाना की कार्यप्रणाली से त्रस्त जनता के समर्थन में सपा कार्यकर्ता 30 नवंबर को थाने का घेराव करेंगे। इस दौरान गिरफ्तारी देने का भी निर्णय लिया गया है।
इस मौके पर सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि नीतीश कुमार के शासन में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। जिले की भयावह स्थिति को देखते हुए सपा कार्यकर्ता अब खामोश नहीं बैठेंगे।
कार्यक्रम में कई युवाओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
उपस्थित नेताओं का संबोधन
इस अवसर पर पार्टी के उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव अशोक भारत, महिला सभा जिलाध्यक्ष रंजना अराफात, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, मुंगेर नगर अध्यक्ष मोआजम, जमालपुर नगर अध्यक्ष अमरशक्ति सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संघर्ष का आह्वान करते हुए हुआ, जिसमें सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के आदर्शों पर चलते हुए जिले में व्यवस्था सुधारने के लिए आंदोलन करने का वादा किया।