छात्राओं ने दिया एकता का संदेश
नगर पंचायत सिमराही — एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में दीपावली के उपलक्ष्य में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। रंगोली प्रतियोगिता इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगोली प्रस्तुत की। इन रंगोलियों के माध्यम से उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता को खूबसूरती से उकेरा, जिससे ‘अनेकता में एकता’ का संदेश विद्यालय में गूंज उठा।
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने समाज निर्माण में स्त्री शक्ति की भूमिका को भी अपनी कला के माध्यम से साकार किया। विभिन्न रंगोलियों में राष्ट्र के विकास में नारी शक्ति के योगदान का सुंदर चित्रण किया गया। इसके साथ ही अंतरिक्ष में भारत के बढ़ते कदम और हालिया उपलब्धियों को दर्शाते हुए एक रंगोली बनाई गई, जिसने देश के प्रगति पथ पर सकारात्मक संदेश छोड़ा।
समकालीन वैश्विक मुद्दों पर आधारित रंगोली में जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के लिए प्रेरित करती कलाकृतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर विद्यालय ने रंगोली बनाने वाले सभी छात्र समूहों को पुरस्कृत कर उनकी कला की सराहना की।
उत्सव के दौरान विद्यालय द्वारा विगत परीक्षा परिणाम की घोषणा भी की गई। हर कक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन छात्रों को स्वर्ण, रजत, और ताम्र पदक से प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने सम्मानित किया। चेयरमैन महादेव मेहता और निर्देशिका अल्पना मेहता ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर उनके योगदान की सराहना की।