समस्तीपुर।
बिहार के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक अनोखी घटना ने यात्रियों को हैरान कर दिया। दो बंदरों के बीच केले को लेकर हुई लड़ाई ने रेलवे की ओवरहेड तारों में शॉर्ट सर्किट करवा दिया, जिससे कई ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया।
घटना स्टेशन के पूर्वी फुटओवर ब्रिज के पास बरौनी लाइन पर हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, बंदरों के झगड़े में एक बंदर ने गलती से रबर का टुकड़ा ओवरहेड तारों पर गिरा दिया। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और तारों से चिंगारियां निकलने लगीं।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत नियंत्रण कक्ष को सतर्क किया। किसी बड़े हादसे से बचने के लिए ओवरहेड तारों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे लगभग आधे घंटे तक ट्रेन संचालन ठप रहा।
रेलवे के ओवरहेड उपकरण (ओएचई) विभाग ने मौके पर पहुंचकर तेजी से मरम्मत का कार्य किया। सुबह करीब 9:30 बजे तारों की बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका। इस दौरान प्लेटफॉर्म 4 से 14 तक की ट्रेनें प्रभावित रहीं।
आरपीएफ निरीक्षक वेद प्रकाश वर्मा ने अपने दल के साथ यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रखा और स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने बाद में पुष्टि की कि बंदरों की लड़ाई ही इस अप्रत्याशित घटना का कारण थी।