एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में ग्रेजुएशन डे व पेरेंट्स-टीचर सेमिनार का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

सिमराही, संवाददाता:
सिमराही नगर पंचायत स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में ग्रेजुएशन डे एवं पेरेंट्स-टीचर सेमिनार का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन मेधावी छात्रों को विशेष रूप से प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय प्रशासन द्वारा 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप स्मार्ट वॉच भेंट की गई। साथ ही छात्रों के वार्षिक रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों के साथ साझा करते हुए उनके शैक्षणिक सुधार एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।

पेरेंट्स-टीचर सेमिनार के दौरान छात्रों के सर्वांगीण विकास, नैतिक शिक्षा एवं व्यवहारिक मूल्यों पर विशेष चर्चा की गई। इस दौरान विद्यालय प्रशासन एवं अभिभावकों के बीच कई महत्वपूर्ण विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा आगामी सत्र में किए जाने वाले नवाचारों एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।

विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच समन्वय को मजबूत करते हैं, जो छात्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की सफलता में सुबंती लामा, प्रतीका ठाकुर, शंकर मेहता, सुमन झा, रमेश मुखिया, शिव शंकर कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *