उद्यमिता के गुर सिखाए गए
पटना
सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में शनिवार को एंटरप्रेन्योरशिप डे के अवसर पर विशेष सत्र “विहान” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उद्यमिता के क्षेत्र में मार्गदर्शन और प्रेरणा देना था।
इस अवसर पर प्रमुख वक्ता के रूप में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर श्री अमितावा घोष उपस्थित थे। उन्होंने “व्यवसाय में नवाचार और दृष्टिकोण” विषय पर अपने विचार साझा किए। श्री घोष ने छात्रों को बताया कि व्यवसाय में सफल होने के लिए एक स्पष्ट विज़न और मिशन का होना अनिवार्य है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए छात्रों को सलाह दी कि कठिनाइयों से डरने के बजाय उन्हें अवसरों में बदलना चाहिए।

श्री घोष ने व्यवसाय के कोर वैल्यूज़ (मूल्य) की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि ये किसी भी संगठन की नींव होते हैं। उन्होंने बताया कि एक नैतिक दृष्टिकोण के साथ कार्य करना ग्राहकों और साझेदारों के बीच विश्वास का निर्माण करता है, जो दीर्घकालिक सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य और उप प्राचार्य ने भी अपने विचार साझा किए और छात्रों को प्रेरित किया। इस आयोजन में कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्रों के साथ-साथ शिक्षकगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन छात्रों के साथ संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें उद्यमिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। “विहान” ने छात्रों को अपने व्यवसायिक सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और उत्साह प्रदान किया।