तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरा नामांकन, जदयू विधायक राजीव सिंह बोले– अब हम इनके लिए लड़ेंगे

मुंगेर, संवाददाता।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने तारापुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान भाजपा और जदयू दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खास बात यह रही कि मौजूदा जदयू विधायक राजीव सिंह, जिनका इस बार टिकट कट गया है, स्वयं सम्राट चौधरी के साथ खड़े नजर आए।

नामांकन के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, “बिहार अब विकास की नई गाथा लिख रहा है। तारापुर में विकास की धारा बह रही है और आने वाले समय में यहां के अधूरे कार्यों को पूरा किया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि बिहार में औद्योगिक ढांचा तेजी से विकसित हो रहा है—इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, एक्सप्रेस हाईवे और मरीन ड्राइव जैसे बड़े प्रोजेक्ट विकास की नई पहचान बनेंगे।

राजीव सिंह ने भी पूरी निष्ठा के साथ सम्राट चौधरी का समर्थन जताते हुए कहा, “जब मैं चुनाव लड़ रहा था, तब सम्राट भाई मेरे लिए लड़े थे। अब मैं पूरी ताकत से इनके लिए मैदान में उतरूंगा।”

नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। सम्राट चौधरी ने कहा कि “जनता का आशीर्वाद ही मेरी ताकत है। बिहार की सेवा मेरा संकल्प है, और इस बार तारापुर से विकास की नई लकीर खींची जाएगी।”

इस मौके पर भाजपा-जदयू के कई स्थानीय नेता, समर्थक और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। माहौल पूरी तरह चुनावी उत्साह और एकजुटता के संदेश से भरा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *