UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, 958 अभ्यर्थी सफल — राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने हासिल की पहली रैंक
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 958 अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए चयनित किया गया है। इस वर्ष परीक्षा में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक–1 प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
जारी मेरिट सूची के अनुसार दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे रहीं, जबकि तीसरा स्थान आकांक्ष धुल ने प्राप्त किया। आयोग ने यह परिणाम प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर घोषित किया है।
आयोग के अनुसार चयनित 958 अभ्यर्थियों में 317 सामान्य वर्ग, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 158 अनुसूचित जाति (SC) और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से हैं।
इन सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित केंद्र सरकार की ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ सेवाओं में की जाएगी। परीक्षा प्रक्रिया मई 2025 में प्रारंभिक परीक्षा से शुरू हुई थी, इसके बाद अगस्त 2025 में मुख्य परीक्षा और दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच इंटरव्यू आयोजित किए गए थे।