विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश का बड़ा दांव: वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशन में तीन गुना इजाफा, अब मिलेंगे 1100 रुपये

पटना | संवाददाता
बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली मासिक पेंशन राशि में भारी इजाफा कर नया मास्टर स्ट्रोक चला है। अब तक जहां लाभार्थियों को 400 रुपये प्रतिमाह मिलते थे, वहीं अब यह राशि बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है।

नीतीश कुमार ने शनिवार को इस निर्णय की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करते हुए लिखा—
“मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अब विधवा महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को प्रति माह 1100 रुपये की पेंशन मिलेगी। यह बढ़ी हुई राशि लाभार्थियों को जुलाई माह से मिलेगी और हर महीने की 10 तारीख को उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।”

1 करोड़ से अधिक लोगों को सीधा लाभ

सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना का लाभ वर्तमान में कुल 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोग उठा रहे हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या वृद्धजनों की है। वर्ष 2022-23 में 60 से 79 वर्ष आयु वर्ग के करीब 42.60 लाख बुजुर्गों को 400 रुपये मासिक पेंशन मिल रही थी, जबकि 80 वर्ष से ऊपर के लोगों को 500 रुपये दिए जाते थे। अब सभी आयु वर्ग के वृद्धों सहित विधवाओं और दिव्यांगों को समान रूप से 1100 रुपये मिलेंगे।

स्थानीयता और पात्रता का रखी जाएगी शर्त

इस योजना का लाभ केवल बिहार के स्थायी निवासियों को मिलेगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लाभार्थी किसी अन्य सरकारी पेंशन योजना से लाभान्वित न हो रहे हों। महंगाई के इस दौर में यह बढ़ोतरी आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।

वित्त विभाग ने की थी विस्तृत समीक्षा

सरकार ने जनवरी 2025 में ही संकेत दिया था कि पेंशन राशि में बढ़ोतरी की योजना बन रही है। इसके बाद वित्त विभाग ने बजट आकलन और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। अंततः इस निर्णय पर मुहर लग गई और जुलाई से यह बढ़ी हुई राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने दी प्रतिक्रिया, कहा- ‘जन कल्याण की दिशा में बड़ा कदम’

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करोड़ों जरूरतमंदों को एक बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा,
“हमारी सरकार जन-कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। पहले जहां पेंशन 400 रुपये मिलती थी, अब यह 1100 रुपये हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *