वार्डों की समस्याओं पर विधायक का संज्ञान, जल्द समाधान का आश्वासन

जमालपुर,  नगर परिषद क्षेत्र के वार्डवासियों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान कराने के उद्देश्य से विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह ने शनिवार की शाम भारत माता चौक स्थित दलहट्टा दुर्गा मंदिर प्रांगण में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और अपनी-अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम में सबसे अधिक शिकायत पानी की आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट की खराबी को लेकर सामने आई। लोगों ने बताया कि वार्ड की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे अंधेरे का लाभ उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। इस पर विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से टेलीफोन पर बातचीत कर समस्या का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

छह नंबर गेट के स्थानीय निवासियों ने 15 वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाया। इस पर विधायक ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र की सभी 17 सड़कों के निर्माण की अनुशंसा की जा चुकी है। इनमें से दो सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सात सड़कों का टेंडर हो गया है और शेष सड़कों के लिए बुडको द्वारा अनुमान तैयार किया जा रहा है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।

रामपुर कॉलोनी की रेखा देवी और गीता देवी ने दशकों से सरकारी जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे भूमिहीन परिवारों के लिए पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर विधायक ने जानकारी दी कि हाल ही में नगर परिषद, अंचल और प्रखंड प्रशासन की संयुक्त बैठक में चार स्थलों की पहचान की गई है। नगर परिषद जल्द ही भूमि की मापी कराएगा और इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री को बहुमंजिला आवास निर्माण के लिए अनुशंसा भेजी जाएगी।

कार्यक्रम के बाद विधायक ने भारत माता चौक से जनता मोड़ और सदर बाजार होते हुए मुख्य सड़कों का पैदल निरीक्षण किया तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।

इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष साईं शंकर, कामरेड मुरारी प्रसाद, अधिवक्ता अरुण देव सहाय, उत्तम मंडल, अनिल कुमार रुपायण, अरविंद साह, रविंद्र कुमार रवि, आर.के. मंडल, अशोक पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *