पटना। सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर नेशनल यूथ डे मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और शिक्षाओं से प्रेरित करना था।

इस अवसर पर कॉलेज के ज़ेवियर्स थिएटर क्लब के प्रतिभाशाली छात्रों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर आधारित एक प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक ने दर्शकों को गहराई तक प्रभावित किया और युवा पीढ़ी को विवेकानंद के दर्शन से जोड़ने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व अधिवक्ता और सिविल सेवक श्री मनीष प्रताप ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में युवाओं को विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से सीख लेकर समाज की सेवा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना चाहिए।”

इस अवसर पर छात्रों और शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध शब्दों को याद किया – “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।”

कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।