अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को देश ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सहित कई प्रमुख नेताओं ने नई दिल्ली स्थित वाजपेयी के स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को असाधारण राजनेता और दूरदर्शी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वाजपेयी के विचार और प्रयास कई पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे तथा सुशासन और जनकल्याण पर उनका जोर देशवासियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी ‘सदैव अटल’ पर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल 1996 में 13 दिनों का रहा, जबकि 1998-99 में उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला। 1999 से 2004 तक उन्होंने पूर्ण कार्यकाल पूरा किया। उन्हें वर्ष 2015 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को हुआ था। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व, राजनीतिक योगदान, राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया गया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वाजपेयी को देशभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवेदनशीलता और असाधारण वक्तृत्व का अद्वितीय संगम बताया। वहीं, केंद्रीय नेताओं ने उनके सुशासन, राष्ट्र निर्माण और भारत की वैश्विक भूमिका को मजबूत करने में योगदान को याद किया।