असम विमान हादसे में बिहार का लाल अग्निवीर दानिश आलम शहीद, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)

पटना/भोजपुर:
असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के AN-32 विमान हादसे में बिहार के भोजपुर जिले के अग्निवीर दानिश आलम शहीद हो गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में कुल पांच वायुसेना कर्मियों ने देश सेवा के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया।

जानकारी के अनुसार, 13 जून को वायुसेना का AN-32 विमान नियमित उड़ान (रूटीन सॉर्टी) के दौरान हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार सभी पांच कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।

शहीद दानिश आलम भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड के कायमनगर गांव के रहने वाले थे। वह अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और हाल ही में अग्निवीर के रूप में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए थे।

आर्थिक तंगी से लड़कर हासिल की थी सफलता

परिजनों के अनुसार, दानिश ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत कर वायुसेना में अपनी जगह बनाई थी। उनके पिता मोहम्मद फारूक आलम एक कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि परिवार में मां और दो बहनें हैं। बेटे की नौकरी से परिवार को बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

गांव में पसरा मातम, लोगों की उमड़ी भीड़

शहादत की खबर मिलते ही कायमनगर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग शहीद के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और गांव में मातम का माहौल है।

जांच के आदेश, वायुसेना ने जताया दुख

भारतीय वायुसेना ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उड़ान के दौरान तकनीकी कारणों या अन्य वजहों से हुआ, जिसकी जांच जारी है।

यह हादसा न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है, जहां एक युवा अग्निवीर ने देश सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *