मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में स्वास्थ्य मंत्री निशांत को रोका, एसएसजी ने बताया मानवीय भूल
वैशाली में वायरल वीडियो पर गरमाई सियासत, जदयू ने पुलिस मुख्यालय से मांगी जांच; सुरक्षा एजेंसी ने प्रोटोकॉल का दिया हवाला
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा घेरे में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को रोके जाने का मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। वैशाली में निरीक्षण के दौरान हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने नाराजगी जताई और मामले की जांच की मांग की। वहीं, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने गुरुवार को स्पष्टीकरण जारी करते हुए इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के दौरान हुई मानवीय भूल बताया।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ वैशाली पहुंचे थे। वहां उन्होंने 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल (नीतीश सेतु) के आसपास निरीक्षण किया जा रहा था। मुख्यमंत्री जब मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तभी उनके सुरक्षा घेरे में तैनात एक जवान ने पीछे से आ रहे निशांत कुमार को हाथ से रोक दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
एसएसजी ने जांच के बाद जारी किया बयान
विवाद बढ़ने पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा संभालने वाले विशेष सुरक्षा दल ने मामले की जांच कराई। एसएसजी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि समादेष्टा स्तर के अधिकारी ने घटना की पड़ताल की। जांच में पाया गया कि सुरक्षाकर्मी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान मानवीय भूल के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। एसएसजी ने यह भी बताया कि निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक करीब दो दशक तक इसी विशेष सुरक्षा दल की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती रही है।
नीरज कुमार ने पुलिस मुख्यालय से मांगी जांच
जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार वैशाली के प्रभारी मंत्री हैं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे थे। ऐसे में उनके साथ हुई इस घटना की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने बिहार पुलिस मुख्यालय से यह पता लगाने की मांग की कि सुरक्षाकर्मी ने ऐसा जानबूझकर किया या सुरक्षा व्यवस्था के दौरान अनजाने में चूक हुई।
अशोक चौधरी ने बताया अनजाने में हुई घटना
वहीं, जदयू कोटे से मंत्री अशोक चौधरी ने मामले को तूल नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मी की मंशा निशांत कुमार का अपमान करने की नहीं थी। संभव है कि पीछे से आने के कारण जवान उन्हें देख नहीं पाया हो। उन्होंने इस घटना को जानबूझकर की गई कार्रवाई मानने से इनकार किया।
घटना के बाद एसएसजी के स्पष्टीकरण से विवाद को शांत करने की कोशिश की गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और जदयू की जांच की मांग के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।