कश्मीर में भी खिलेगा कमल – यूटी के पहले दौरे पर नितिन नबीन का बड़ा बयान
श्रीनगर/जम्मू। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने जम्मू-कश्मीर के पहले दौरे के दौरान बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि “वह दिन दूर नहीं जब कश्मीर घाटी में भी कमल खिलेगा।” उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा जम्मू-कश्मीर में अपनी सरकार बनाएगी।
नबीन ने यह बयान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में वास्तविक परिवर्तन आया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि “एक देश, एक संविधान और एक निशान” का सपना अब साकार हो चुका है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़े हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सीमा क्षेत्रों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि जो गांव पहले देश के आखिरी छोर माने जाते थे, अब उन्हें ‘पहला गांव’ बनाकर विकसित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए नबीन ने कहा कि “यह नया भारत है, जो हर खतरे का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर भरोसा मजबूत करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन के अंत में नबीन ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर को शांति, विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।