‘क्राइम और अपराध का फर्क नहीं जानते CM’, बाबूबरही गोलीकांड पर तेजस्वी का सम्राट चौधरी पर हमला

दरभंगा/मधुबनी। मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र में ASI की कथित गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दरभंगा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और अब आम जनता पुलिस से भी सुरक्षित नहीं है।

‘रक्षक ही भक्षक बन गए हैं’

मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में हर दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को गांवों, गलियों और चौराहों पर बोर्ड लगवा देना चाहिए कि लोग अपनी सुरक्षा खुद करें।

उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पहले लोग अपराधियों से अपनी जान बचाते थे, लेकिन अब पुलिस से भी सुरक्षा की चिंता करनी पड़ रही है।

मुख्यमंत्री के बयान पर भी कसा तंज

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हालिया ‘क्राइम और अपराध’ संबंधी बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को क्राइम और अपराध का फर्क तक नहीं पता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की टिप्पणी को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि बिहार में ‘क्राइम’ हो सकता है, लेकिन ‘अपराध’ और ‘अपराधी’ नहीं हैं। इस बयान को लेकर विपक्ष पहले से ही सरकार पर हमलावर है।

मुख्यमंत्री पर सात आपराधिक मामलों का आरोप

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर सात आपराधिक मामलों का सामना करने का आरोप लगाते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जनता अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। हालांकि, मुख्यमंत्री इस पुराने मामले में खुद को झूठा फंसाया गया बताते रहे हैं।

ASI की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय की मांग

तेजस्वी यादव ने बाबूबरही के बलिराजगढ़ में हुई घटना को गंभीर बताते हुए आरोपी ASI की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इस घटना में अशोक यादव की मौत हुई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *