गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरा, 10-15 मजदूरों के दबे होने की आशंका

गांधीनगर। गुजरात के गांधीनगर में बुधवार रात निर्माणाधीन व्यावसायिक इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसा कुड़ासन इलाके में स्थित ‘बोस्की द एम्पायर’ निर्माण स्थल पर रात करीब 9:15 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 10 से 15 मजदूर मलबे में फंस गए।

लोहे की स्लैब गिरने से हुआ हादसा

बताया गया कि दो यूनिट के बीच लोहे की स्लैब लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान ढांचा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पुलिस तथा दमकल की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।

चार मजदूरों को मलबे से निकाला

बचाव अभियान के दौरान चार मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर गांधीनगर सिविल अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर कई 108 एंबुलेंस भी तैनात की गईं, ताकि घायल मजदूरों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान जारी रहा।

बाद के अपडेट में 12 मजदूरों को सुरक्षित निकाले जाने की जानकारी सामने आई, जबकि कुछ अन्य के फंसे होने की आशंका बनी रही। राहत दल भारी मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने में जुटे रहे।

डिप्टी सीएम हर्र्ष संघवी ने लिया जायजा

गुजरात के डिप्टी सीएम और गांधीनगर नगर निगम आयुक्त घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। अस्पताल में भी घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई। हादसे के कारणों को लेकर शुरुआती तौर पर निर्माण कार्य के दौरान स्लैब/ढांचे के गिरने की बात सामने आई है।

दिल्ली हादसे के कुछ दिन बाद दूसरी बड़ी घटना

गांधीनगर का यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने से सात लोगों की मौत के कुछ ही दिन हुए हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों और निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *