चिराग पासवान ने बदली बिहार LJP(RV) की कमान, सुरेंद्र विवेक बने प्रदेश अध्यक्ष; राजू तिवारी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने यह फैसला लिया। इसके साथ ही अब तक बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

कौन हैं सुरेंद्र विवेक?

सुरेंद्र विवेक बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से दो बार LJP के उम्मीदवार रह चुके हैं। वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं और राजनीति में आने से पहले पत्रकारिता एवं साहित्य से भी जुड़े रहे हैं। पार्टी संगठन में वह प्रदेश प्रवक्ता और कोषाध्यक्ष जैसे पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

56 वर्षीय सुरेंद्र विवेक बेगूसराय के बलिया क्षेत्र के भगवानपुर प्रशांत नगर के रहने वाले हैं। पार्टी में उनकी पहचान एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी रही है। उन्हें कुछ वर्ष पहले बिहार विधानसभा चुनाव अभियान की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

राजू तिवारी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी

संगठन में बदलाव के तहत राजू तिवारी अब LJP(RV) के राष्ट्रीय महासचिव की भूमिका निभाएंगे। वह लंबे समय से बिहार प्रदेश अध्यक्ष के पद पर थे। नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के संगठन में उनकी भूमिका बढ़ गई है।

कई राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष

LJP(RV) ने केवल बिहार में ही नहीं, बल्कि कई राज्यों में संगठनात्मक फेरबदल किया है। झारखंड में जनार्दन पासवान को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पार्टी के अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अब्दुल खालिक को फिर से पार्टी का प्रधान महासचिव बनाया गया है।

पार्टी के इस बड़े संगठनात्मक फेरबदल को आने वाले चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। अब बिहार में सुरेंद्र विवेक के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन का विस्तार, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और पार्टी की राजनीतिक पकड़ को मजबूत करना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *