ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर INDIA गठबंधन का दिल्ली में प्रदर्शन, EC की ओर बढ़ा मार्च रोका गया

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। संसद से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर निकाला गया विपक्षी सांसदों का मार्च पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी नेताओं ने सड़क पर धरना दिया।

मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को खत्म करने की मांग की।

राहुल गांधी का ‘Gyanesh, it’s done bro’ वाला पोस्टर

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी हाथ में एक पोस्टर लिए नजर आए, जिस पर लिखा था— “Gyanesh, it’s done bro. Time to resign.” राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भी यही संदेश साझा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की।

विपक्षी नेताओं का आरोप है कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने विपक्ष की तीन प्रमुख मांगें गिनाईं—ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, SIR रद्द किया जाए और चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद

विपक्ष का प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी के एक दिन बाद हुआ, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि अदालत ने Form 6 में किए गए किसी संशोधन को मंजूरी नहीं दी है। कोर्ट ने केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार समेत अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया है।

हालांकि, चुनाव आयोग ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि Form 6 में बदलाव नहीं किया गया, बल्कि SIR के दौरान एक अलग घोषणा-पत्र जोड़ा गया था।

दिल्ली में भारी सुरक्षा व्यवस्था

विपक्ष के मार्च को देखते हुए संसद और निर्वाचन आयोग मुख्यालय के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए थे और कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी। मार्च को रोकने के बाद विपक्षी सांसदों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

INDIA गठबंधन ने संकेत दिया है कि SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *