झारखंड में दर्दनाक हादसा: स्कूटी सवार की मदद के लिए जुटे लोगों को ट्रक ने रौंदा, सात की मौत

खूंटी (झारखंड): झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। हादसा कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:45 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के पास सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। उसकी मदद के लिए आसपास की कॉलोनी से महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे जुटे लोगों को रौंदता चला गया।

छह लोगों की मौके पर मौत

हादसा इतना भयावह था कि छह लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में खुशबू कुमारी नाम की बच्ची घायल हुई है। उसे खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के मुताबिक, ट्रक भीड़ को कुचलने के बाद पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

चालक और खलासी फरार, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका सहायक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक तथा खलासी की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि ट्रक चालक नशे में था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *