नीतीश सेतु के विरोध पर भड़के संजय सरावगी, बोले- नीतीश कुमार से नफरत करने वाले कर रहे नामकरण का विरोध
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को सराहा, कहा- बिहार की बदली पहचान को नकारने की कोशिश कर रहा विपक्ष
पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पुल के नामकरण का विरोध करने वालों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु का विरोध करने वाले वास्तव में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नफरत करते हैं। बिहार के विकास में उनके योगदान को नकारना राज्य की बदली हुई पहचान का विरोध करने जैसा है।
संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार में सुशासन और विकास के सर्वमान्य नेता रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य ने सड़क, पुल, बिजली और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव देखा है। एक समय बदहाली, अपराध और अराजकता से जूझ रहे बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
विकास में योगदान को नहीं भुला सकती जनता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता विकास और सुशासन को महत्व देती है। राज्य के विकास में योगदान देने वाले नेताओं का सम्मान करना जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में बिहार को विकास से वंचित रखा, वे आज नीतीश कुमार के नाम पर बने सेतु का विरोध कर रहे हैं। राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता पहले ही उसे राजनीतिक रूप से हाशिये पर पहुंचा चुकी है।
21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे सेतु का उद्घाटन
सरावगी ने बताया कि नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता में उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह सेतु बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान और सुशासन के दौर की महत्वपूर्ण पहचान है।