नेपाल से बिहार लाई 3 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, यूपी-महाराष्ट्र भेजने की थी तैयारी

मुजफ्फरपुर। नेपाल से बिहार के रास्ते देश के दूसरे राज्यों में मादक पदार्थ पहुंचाने वाले गिरोह पर डीआरआई और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मुजफ्फरपुर जंक्शन के पास से तीन किलो चरस के साथ पूर्वी चंपारण के दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सकरार बहुरी निवासी सज्जाद आलम और पिपराकोठी थाना क्षेत्र के जीवधारा निवासी मो. युनुस के रूप में हुई है। दोनों के पास से चरस के अलावा दो मोबाइल फोन और 5,800 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

ट्रेन से मुजफ्फरपुर पहुंची थी खेप

जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि नेपाल से मादक पदार्थ की खेप बिहार लाई जा रही है। इसके बाद भारत-नेपाल सीमा से ही संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान बापूधाम मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर मेमू ट्रेन में एक संदिग्ध के चरस लेकर सफर करने की जानकारी मिली।

मुजफ्फरपुर जंक्शन से बाहर निकलते ही डीआरआई और एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई में आरपीएफ और जीआरपी ने भी सहयोग किया।

फिरोजाबाद भेजी जानी थी खेप

पूछताछ में सामने आया कि नेपाल से लाई गई चरस को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद पहुंचाने की योजना थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, संबंधित गिरोह मादक पदार्थों को यूपी के अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों तक पहुंचाने का नेटवर्क चला रहा था।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं गिरोह से जुड़े लोग

जांच के दौरान एजेंसियों को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का संबंध उस सिंडिकेट से बताया जा रहा है, जिसके कुछ सदस्यों को इससे पहले रक्सौल में चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार सज्जाद आलम के पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

TWM News Bihar | मुजफ्फरपुर डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *