पटना में STF का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में तीन अपराधी ढेर, पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के आरोपियों पर चली गोलियां; SHO भी घायल
पटना। बिहार की राजधानी पटना के मनेर में शुक्रवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में तीन अपराधी मारे गए, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए तीनों अपराधी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित थे।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे STF और जिला पुलिस की टीम को सूचना मिली कि कुछ अपराधी शेरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।
गोलीबारी के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह को छूते हुए गोली निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों अपराधी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जेपी यादव, बबलू और राजा शर्मा की पहचान
मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे कई थानों में दर्ज मामलों में वांछित थे।
दानापुर-2 के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा के मुताबिक, बबलू कुमार और सूरज कुमार ने पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव पर हत्या की साजिश रचने का आरोप था।
पुलिस ने 18, अपराधियों ने 24 राउंड चलाई गोलियां
मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की तरफ से 24 राउंड और पुलिस की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए गए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महाअष्टमी की रात हुई थी पैक्स अध्यक्ष की हत्या
गौरतलब है कि 19 अक्टूबर की रात मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार पर बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमले में संजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वहीं, पिंटू कुमार भी गोली लगने से घायल हुए थे।
इस हत्याकांड के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार की मुठभेड़ को इसी मामले की जांच और कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी शेरपुर में किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।