पीएम मोदी ने फ्लाईदुबई के घायल कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से की बात, हर संभव मदद का दिया भरोसा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की पत्नी और माता-पिता से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने कैप्टन की बहादुरी की सराहना करते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन उनकी हर संभव सहायता कर रहे हैं।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के कॉकपिट में बुधवार को गंभीर घटना हुई थी। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छर घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

कैप्टन स्मित मच्छर का फिलहाल तबुक के अस्पताल में इलाज चल रहा है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है और भारतीय मिशन उनके इलाज तथा परिवार के साथ लगातार संपर्क में हैं।

पीएम मोदी ने बताया ‘हीरो’

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित मच्छर को ‘हीरो’ बताया था। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, जिससे सैकड़ों लोगों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी टालने में मदद मिली।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कैप्टन के साहस और सूझबूझ की सराहना की है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी घटना के दौरान कैप्टन मच्छर की भूमिका की प्रशंसा की।

कैप्टन स्मित मच्छर के पास बोइंग 737 विमानों पर करीब 9,750 घंटे का उड़ान अनुभव है। उन्होंने 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले करीब 11 वर्षों तक स्पाइसजेट में काम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *