बिहार में जल्द बजेगी पांच नई चीनी मिलों की घंटी, सम्राट सरकार का बड़ा ऐलान; किसानों को मिलेगा रोजगार का नया अवसर

राज्य में फिलहाल 10 चीनी मिलें चालू, पांच और शुरू करने की तैयारी; सभी जिलों में रवाना हुआ गन्ना विकास रथ-2026

पटना। बिहार में चीनी उद्योग को नई गति देने और गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को घोषणा की कि प्रदेश में वर्तमान में 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं, जबकि पांच और चीनी मिलें जल्द शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने आयोजित कार्यक्रम में गन्ना विकास रथ-2026 को हरी झंडी दिखाकर सभी जिलों के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों की समृद्धि, उत्पादन में वृद्धि और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बंद पड़ी चीनी मिलों को भी मिलेगी नई जिंदगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना के साथ बंद पड़ी पुरानी मिलों के पुनरुद्धार पर भी काम किया जाएगा। इससे राज्य के चीनी उद्योग को मजबूती मिलेगी। गन्ने की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।

गन्ना विकास रथ से किसानों को मिलेगी तकनीकी जानकारी

गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि उपकरणों पर मिलने वाले अनुदान और मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को मुफ्त गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी दी जाएगी।

एआई चैटबॉट से किसानों को मिलेगी मदद

किसानों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए ‘गन्ना आईडी’ और ‘गन्ना साथी’ एआई चैटबॉट की पहल की गई है। इसके जरिए किसानों को योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *