बिहार में बनेगी सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा, सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान; 2030 तक एक करोड़ रोजगार का भी लक्ष्य
पटना। बिहार में भारत रत्न और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिहार में स्थापित होने वाली सरदार पटेल की प्रतिमा राज्य में अब तक स्थापित किसी भी महापुरुष की प्रतिमा से ऊंची होगी।
पटना के बापू सभागार में साझी विरासत अभियान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का निर्माता और राष्ट्रीय एकता का मजबूत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारत में विलय कर पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक काम किया था।
2030 तक एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास को लेकर भी कई बड़े लक्ष्य सामने रखे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही एक करोड़ परिवारों को उद्योग जगत से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। सौर ऊर्जा संयंत्र, ताप विद्युत परियोजनाओं और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
चार साल में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने का दावा
मुख्यमंत्री ने अगले चार वर्षों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को देश की बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में शामिल करने का लक्ष्य भी बताया। उन्होंने कहा कि जिला और अनुमंडल अस्पतालों में इलाज की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर न करना पड़े।
उन्होंने जिला अस्पतालों में 52 प्रकार की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना उचित कारण मरीजों को दूसरे अस्पताल में रेफर करने वाले डॉक्टरों को इसकी वजह बतानी होगी।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में असाधारण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से ही स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों का एकीकरण संभव हो सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आर्थिक रूप से सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी सरदार पटेल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद रियासतों का एकीकरण कर पटेल ने अखंड भारत की नींव मजबूत की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में मंत्री रामकृपाल यादव, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, डॉ. प्रमोद कुमार, शीला कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।