बिहार में मार्कशीट से हटेगा ‘फेल’ शब्द, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान; अब लिखा जाएगा ‘स्किल ट्रेनिंग के योग्य’
पटना। बिहार सरकार ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को लेकर बड़ा फैसला किया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की है कि बिहार बोर्ड की मार्कशीट और प्रमाणपत्रों पर अब ‘Fail’ शब्द नहीं लिखा जाएगा। इसके स्थान पर असफल विद्यार्थियों के लिए ‘Eligible for Skill Training’ यानी ‘कौशल प्रशिक्षण के योग्य’ लिखा जाएगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा में असफल होने वाले विद्यार्थियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव और सामाजिक stigma को कम करना है। हालांकि, ‘फेल’ शब्द हटने का मतलब यह नहीं होगा कि विद्यार्थी परीक्षा में उत्तीर्ण माने जाएंगे। उनकी परीक्षा की स्थिति और आगे की प्रक्रिया नियमों के अनुसार तय होगी।
नियमों में होगा संशोधन
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए संबंधित नियमों में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि परीक्षा में असफलता को विद्यार्थी के भविष्य का अंत मानने के बजाय उसे आगे बढ़ने और नए कौशल सीखने का अवसर दिया जाना चाहिए।
स्किल ट्रेनिंग पर जोर
नई व्यवस्था के तहत असफल विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण और आगे की शिक्षा के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं और बेहतर तैयारी की व्यवस्था किए जाने की बात भी सामने आई है।
सरकार के इस फैसले को बिहार की शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों के प्रति अधिक सकारात्मक और कौशल-केंद्रित दृष्टिकोण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।