बिहार में सियासी बदलाव का बड़ा दिन: नीतीश का इस्तीफा आज, पहली बार बनेगी बीजेपी की सरकार
पटना, संवाददाता:
बिहार की राजनीति में 14 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक मोड़ लेकर आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक के बाद इस्तीफा देने जा रहे हैं, जिसके साथ ही राज्य में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, आज सुबह कैबिनेट की बैठक होगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद शाम में एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी।
पहली बार बीजेपी के हाथ में होगी कमान
बिहार के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा। अब तक बीजेपी सत्ता में साझेदार रही, लेकिन नेतृत्व जेडीयू के पास था।
15 अप्रैल को शपथ ग्रहण
नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पटना में व्यापक प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं।
पूरा शेड्यूल एक नजर में:
- सुबह 11 बजे: कैबिनेट बैठक
- बैठक के बाद: नीतीश कुमार का इस्तीफा
- दोपहर 3 बजे: बीजेपी विधायक दल की बैठक
- शाम 4 बजे: एनडीए विधायक दल की बैठक, नए नेता का चयन
- 15 अप्रैल: नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण
कौन होगा नया मुख्यमंत्री?
राजनीतिक गलियारों में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय बीजेपी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।