बिहार MLC चुनाव का बिगुल: 10 सीटों पर नामांकन आज से शुरू, रोहिणी आचार्या ने चुनाव लड़ने की खबरों को बताया अफवाह
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC), TWM न्यूज़
पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। बिहार विधान परिषद की विधानसभा कोटे की नौ रिक्त सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिससे राजनीतिक दलों के बीच गतिविधियां तेज हो गई हैं।
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इन सीटों पर विधानसभा के विधायकों के वोट निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
रोहिणी आचार्या ने किया खंडन
इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रमुख नेता रोहिणी आचार्या ने अपने विधान परिषद चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उनके चुनाव लड़ने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों द्वारा उनके परिवार को लेकर भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं, लेकिन इससे उनकी छवि प्रभावित नहीं होगी।
एनडीए का सभी सीटों पर जीत का दावा
वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सभी 10 सीटों पर जीत का दावा किया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह मार्च 2026 में राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी, उसी तरह इस चुनाव में भी गठबंधन सभी सीटों पर सफलता दोहराएगा।
उम्मीदवारों के चयन को लेकर रविवार को पटना में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए। माना जा रहा है कि जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।
राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार
विधान परिषद की इन 10 सीटों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले दिनों में राज्य का राजनीतिक माहौल और अधिक गरम होने की संभावना है।