बिहार MLC चुनाव में महागठबंधन में खींचतान, कांग्रेस ने RJD के खिलाफ उतारे उम्मीदवार
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान सामने आई है। कांग्रेस ने गुरुवार देर रात पांच सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। इनमें चार सीटों पर RJD पहले ही अपने उम्मीदवार उतार चुका है। ऐसे में पटना शिक्षक, पटना स्नातक, कोसी स्नातक और दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस और RJD के प्रत्याशी आमने-सामने होंगे।
कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक सीट से मौजूदा एमएलसी और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर RJD ने प्रत्याशी नहीं उतारा है। यहां मदन मोहन झा का मुकाबला JDU के घनश्याम राय और जन सुराज के एसपी राय से होगा।
वहीं पटना शिक्षक सीट से कांग्रेस ने संजय यादव को टिकट दिया है, जबकि RJD ने संजीव कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। पटना स्नातक सीट पर कांग्रेस के असदुल्लाह खान और RJD के दिलीप कुमार के बीच मुकाबला होगा।
कोसी स्नातक सीट से कांग्रेस ने मनोज कुमार जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है, जबकि RJD की ओर से नितेश कुमार चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और RJD के अनिल कुमार झा के बीच मुकाबला होगा।
RJD ने इससे पहले 11 सितंबर को छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। कांग्रेस की ओर से उस समय सीट बंटवारे को लेकर चर्चा नहीं होने की बात कही गई थी। हालांकि, नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर तक दोनों दलों के बीच किसी समझौते की संभावना बनी हुई है।
बिहार विधान परिषद की इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।