‘बैलेट हो या EVM, कांग्रेस हर बार हारी!’ सम्राट चौधरी का विपक्ष पर करारा हमला, पटना में निकाली ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व किया। कारगिल चौक से शुरू हुई पदयात्रा जेपी गोलंबर तक पहुंची। इस दौरान सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

‘कांग्रेस चुनाव हारती रही है’

पदयात्रा से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार का ठीकरा कभी बैलेट पेपर तो कभी EVM पर फोड़ती है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव बैलेट पेपर से हुआ हो या EVM से, कांग्रेस लगातार चुनाव हारती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नहीं जीत पाने की वजह से विपक्ष लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है।

‘जनता लोकतंत्र की मालिक’

सम्राट चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है और जनता काम करने वाली सरकार को वोट देती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हुई है।

‘लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी’

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने देश में आपातकाल लगाया और लोगों के मौलिक अधिकार छीने, वही आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी।

खरगे की टिप्पणी पर भी बरसे

सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता को लेकर कांग्रेस नेताओं की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा सभ्य समाज में स्वीकार नहीं की जा सकती और जनता इसका जवाब देगी।

BJP ने पटना में दिखाया शक्ति प्रदर्शन

भाजपा की इस पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने इसे विपक्ष के खिलाफ अपने राजनीतिक अभियान का हिस्सा बताया है।

TWM News Bihar | पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *