दरभंगा एमएलसी चुनाव में बड़ा उलटफेर! भाजपा से छिनी स्नातक सीट, राजद के अनिल कुमार झा ने दर्ज की जीत

दरभंगा/पटना। बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मतगणना के अंतिम नतीजे में बड़ा उलटफेर हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार अनिल कुमार झा ने भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार को शिकस्त देकर जीत दर्ज की। करीब 50 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद परिणाम सामने आया। इस जीत के साथ राजद ने दरभंगा स्नातक सीट पर कब्जा जमा लिया।

पहली वरीयता में आगे थे भाजपा के सर्वेश कुमार

मतगणना के शुरुआती चरणों में भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए थे। पहली वरीयता के मतों की गिनती में सर्वेश कुमार को 16,115 वोट मिले, जबकि राजद के अनिल कुमार झा को 14,615 मत प्राप्त हुए। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. इम्तियाज नूरानी 10,227 मतों के साथ तीसरे स्थान पर थे।

हालांकि, किसी भी प्रत्याशी को जीत के लिए निर्धारित 31,911 मतों का आंकड़ा नहीं मिला। इसके बाद चुनाव नियमों के तहत कम मत पाने वाले प्रत्याशियों को क्रमशः बाहर करते हुए दूसरी और आगे की वरीयता के मतों की गिनती की गई।

दूसरी वरीयता के मतों ने बदला चुनावी समीकरण

गुरुवार को मतगणना के दौरान एक समय सर्वेश कुमार, अनिल झा से 1,046 मतों से आगे चल रहे थे। इसके बाद भी दूसरी वरीयता के मतों की गिनती जारी रही। अंतिम परिणाम में अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज की और भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।

नतीजे में देरी को लेकर भी उठा था विवाद

मतगणना में देरी को लेकर राजद नेताओं ने सवाल उठाए थे। पार्टी नेताओं ने प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की थी। वहीं, मतगणना केंद्र पर प्रत्याशियों के समर्थकों और एजेंटों के बीच तनाव की खबरें भी सामने आई थीं।

दरभंगा स्नातक सीट का परिणाम बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में चर्चा का प्रमुख केंद्र रहा। लंबी मतगणना और वरीयता क्रम के मतों की गणना के बाद राजद के अनिल कुमार झा ने जीत हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *