भारत-कनाडा व्यापार संबंधों में नई शुरुआत: ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ भारत भेजने का ऐलान
पियूष गोयल के टोरंटो दौरे के दौरान बड़ा निर्णय; AI, सेमीकंडक्टर और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर
नई दिल्ली/टोरंटो
भारत और कनाडा के बीच आर्थिक संबंधों को नई गति देने के प्रयासों के तहत कनाडा ने “टीम कनाडा ट्रेड मिशन” को भारत भेजने का ऐलान किया है। यह घोषणा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल के टोरंटो दौरे के दौरान की गई।
यह मिशन नवंबर माह में भारत आएगा, जिसमें कनाडा की कई प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी। इन कंपनियों का उद्देश्य भारत में निवेश और साझेदारी के नए अवसर तलाशना है।
उच्चस्तरीय बैठक में हुआ ऐलान
यह घोषणा टोरंटो के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित “कनाडा-इंडिया बिल्डिंग ब्रिजेस” कार्यक्रम के दौरान की गई, जहां दोनों देशों के उद्योगपति, निवेशक और नीति-निर्माता शामिल हुए।
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू और पियूष गोयल ने संयुक्त रूप से निवेश राउंडटेबल की अध्यक्षता भी की, जिसमें द्विपक्षीय निवेश और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इन क्षेत्रों पर रहेगा खास फोकस
प्रस्तावित ट्रेड मिशन के तहत कनाडाई कंपनियां भारत में निम्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशेंगी—
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
- सेमीकंडक्टर
- क्लीन और रिन्यूएबल एनर्जी
- क्रिटिकल मिनरल्स
- न्यूक्लियर एनर्जी
- डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग
गोयल ने निवेश के लिए किया आमंत्रण
अपने संबोधन में पियूष गोयल ने कहा कि भारत तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था है और यहां निवेश के व्यापक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कनाडाई कंपनियों और निवेशकों को भारत के टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और क्लीन एनर्जी सेक्टर में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया।
100 से अधिक भारतीय कंपनियों की भागीदारी
इस कार्यक्रम में 100 से अधिक भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जो अब तक का सबसे बड़ा भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल माना जा रहा है।
द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा
विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल भारत-कनाडा के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई दिशा दे सकती है। दोनों देश वैश्विक सप्लाई चेन, ऊर्जा और डिजिटल सेक्टर में साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।