भारत-सिंगापुर रणनीतिक साझेदारी की पीएम मोदी और लॉरेंस वोंग ने की समीक्षा, सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति
आर्थिक सहयोग से लेकर रक्षा और डिजिटल तकनीक तक आठ प्रमुख क्षेत्रों में रिश्तों को नई मजबूती देने पर हुई चर्चा
मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। फिलीपींस की राजधानी मनीला में 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान भारत और सिंगापुर के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की गई और भविष्य में सहयोग को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, कौशल विकास, डिजिटल तकनीक, सतत विकास, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, रक्षा और सुरक्षा तथा लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित आठ प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए।
आसियान की अध्यक्षता के लिए सिंगापुर को भारत का समर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर को आगामी आसियान अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने इस जिम्मेदारी को सफल बनाने के लिए भारत की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। दोनों नेताओं ने माना कि भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत संबंध क्षेत्रीय सहयोग और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।
2025 में तैयार हुआ था रणनीतिक साझेदारी का रोडमैप
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की भारत यात्रा के दौरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए रोडमैप अपनाया गया था। इसके तहत आठ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति बनी थी। मौजूदा बैठक में दोनों नेताओं ने इसी रोडमैप के क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लिया।
भारत और सिंगापुर के संबंध पिछले कुछ वर्षों में व्यापार, निवेश, सेमीकंडक्टर, रक्षा, डिजिटल तकनीक और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में लगातार मजबूत हुए हैं। मनीला में हुई यह बैठक दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय कूटनीतिक संवाद और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।