तिब्बत में 7.0 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत; चीन-म्यांमार में भी कांपी धरती
नई दिल्ली। तिब्बत समेत चीन और म्यांमार में भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सबसे शक्तिशाली भूकंप तिब्बत के नागकू क्षेत्र में दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 7.0 मापी गई। भूकंप के बाद कई झटके महसूस किए गए। तिब्बत में भूकंप से कम से कम 16 लोगों की मौत और 32 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के आंकड़ों के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात से 23 अक्टूबर की रात तक तिब्बत, चीन और म्यांमार में कुल 18 भूकंपीय घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 13 घटनाएं तिब्बत, चार चीन और एक म्यांमार में हुईं।
300 से अधिक मकान ढहे
7.0 तीव्रता वाले भूकंप के बाद तिब्बत के प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है। 300 से अधिक मकानों के ढहने की सूचना है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
लगातार आते रहे आफ्टरशॉक्स
मुख्य भूकंप के बाद भी क्षेत्र में कई आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए। इनमें 5.2, 5.0, 4.8, 4.7, 4.6, 4.4 और 4.3 तीव्रता के झटके शामिल हैं। इससे प्रभावित इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
चीन और म्यांमार में भी झटके
तिब्बत के अलावा चीन के विभिन्न हिस्सों में 5.2 तीव्रता तक के झटके रिकॉर्ड किए गए। वहीं म्यांमार में 23 अक्टूबर को 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ। प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बर्फबारी से राहत कार्य में चुनौती
प्रभावित क्षेत्र ऊंचाई वाले इलाके में स्थित है। राहत एवं बचाव अभियान के बीच आने वाले दिनों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे बचाव कार्य और प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।