मनेर एनकाउंटर की FSL टीम ने शुरू की जांच, तीन अपराधियों की मौत के बाद घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य; SHO भी घायल

मनेर (पटना)। पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने जांच शुरू कर दी है। मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हो गई, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। घटनास्थल से हथियार और गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस अब मुठभेड़ से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

तड़के तीन बजे हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि कुछ अपराधी शेरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीनों की हुई पहचान

मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे कई मामलों में वांछित थे।

दानापुर-2 के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि तीनों का नाम पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में सामने आया था। पुलिस के अनुसार, बबलू और सूरज शूटर थे, जबकि जेपी यादव पर हत्या की साजिश रचने का आरोप था।

दोनों ओर से चलीं 42 राउंड गोलियां

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से 24 राउंड और पुलिस की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए गए हैं। FSL टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं।

पैक्स अध्यक्ष की हत्या के बाद से चल रही थी तलाश

गौरतलब है कि 19 अक्टूबर की रात मनेर के ब्यापुर गांव में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार पर बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इलाज के दौरान संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हो गए थे।

इस हत्याकांड के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। शुक्रवार की मुठभेड़ के बाद अब पुलिस घटनास्थल से मिले फॉरेंसिक साक्ष्यों, हथियारों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *