मनेर में दशहरा मेले के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, पैक्स अध्यक्ष की हत्या; प्रखंड प्रमुख के पति भी घायल

पटना। राजधानी पटना से सटे मनेर में दशहरा मेले के दौरान रविवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। ब्यापुर गांव में बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भालू की हत्या कर दी। गोलीबारी में प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार भी घायल हो गए। घटना के बाद पास में चल रहे दशहरा मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, दो बाइक पर सवार चार अपराधी ब्यापुर की बिचली गली में डेयरी के पास पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया कि पैक्स अध्यक्ष को बचाने के लिए पिंटू कुमार आगे आए, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

दशहरा मेले में मची अफरा-तफरी

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। दशहरा मेला भी पास में लगा हुआ था, जिसके चलते गोलीबारी की खबर फैलते ही वहां भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ ही देर में उत्सव का माहौल मातम और तनाव में बदल गया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने जुटाए हैं। दानापुर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एके झा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि वाला परिवार

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक संजीव कुमार करीब पांच वर्ष पहले पैक्स अध्यक्ष बने थे। उनके पिता भी लगभग 20 वर्षों तक को-ऑपरेटिव के अध्यक्ष रहे थे। संजीव के परिवार की स्थानीय राजनीति में लंबे समय से सक्रियता रही है। उनके एक पुत्र के होने की जानकारी भी सामने आई है।

घटना के बाद ब्यापुर गांव में तनाव और सन्नाटा पसरा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

TWM News | पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *