राहुल गांधी विदेशी ताकतों के टूलकिट बन गए हैं, देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं: नितिन नवीन
भागलपुर में भाजपा अध्यक्ष का विपक्ष पर हमला, बोले- चुनाव हारने पर ही ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर उठाते हैं सवाल
भागलपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को भागलपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशी ताकतों के टूलकिट का हिस्सा बताया।
नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और न्यायपालिका पर भी दबाव बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलता है और जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।
एसआईआर और वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को घेरा
भाजपा अध्यक्ष ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए कांग्रेस और राजद पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बिहार से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने के बाद विपक्ष ने वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोप लगाए, लेकिन गलत तरीके से नाम काटे जाने का ठोस उदाहरण सामने नहीं रख सका।
उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने के बाद ही ईवीएम और निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता है, जबकि जिन राज्यों में विपक्षी दल जीतते हैं, वहां चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं किए जाते।
2014 के चुनाव का भी किया जिक्र
नितिन नवीन ने 2014 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी कांग्रेस की हार जनता का जनादेश थी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपनी हार से सबक नहीं लिया और अब भी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर जनता के फैसले को चुनौती दे रही है।
सभा में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, दीपक प्रकाश, संतोष सुमन, सांसद राजेश वर्मा, अजय मंडल और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन समेत कई नेता मौजूद रहे। सभा के बाद नितिन नवीन के नेतृत्व में पदयात्रा भी निकाली गई।
गौरतलब है कि विपक्षी दलों ने हाल ही में दिल्ली के रामलीला मैदान में मतदाता सूची पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर रैली की थी। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।