वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 11 गेंदों में ठोकी फिफ्टी; 50 ओवर क्रिकेट का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
दांबुला। भारत ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ट्राई-नेशन सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने विश्व क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक्स में उनका नाम दर्ज करा दिया। महज 15 वर्षीय बल्लेबाज ने केवल 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 50 ओवर (लिस्ट-ए) क्रिकेट के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का विश्व रिकॉर्ड बना दिया।
श्रीलंका ए द्वारा पहले गेंदबाजी चुनने के बाद सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए। उन्होंने विरोधी गेंदबाजों पर लगातार चौके-छक्कों की बारिश करते हुए महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और करीब 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया
युवा बल्लेबाज यहीं नहीं रुके। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी स्ट्राइक रेट 324 से अधिक रही। हालांकि वह शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए और 94 रन पर आउट हो गए।
इस पारी की बदौलत भारत ए को फाइनल मुकाबले में शानदार शुरुआत मिली। सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया और मैच का रुख शुरुआती ओवरों में ही भारत की ओर मोड़ दिया।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि सूर्यवंशी की यह पारी आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़े सितारे के उभरने का संकेत है। इतनी कम उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक हैं।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न, TWM News