शादी की जिद में टावर पर चढ़ी ‘बसंती’, ‘वीरू’ के आते ही हुआ ड्रामे का क्लाइमेक्स”
वैशाली,:
बिहार के वैशाली जिले में सोमवार को उस वक्त ‘फिल्मी सीन’ हकीकत बन गया, जब एक नाबालिग लड़की शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। पूरा घटनाक्रम सुपरहिट फिल्म Sholay के मशहूर ‘वीरू’ सीन की याद दिलाता रहा—बस फर्क इतना था कि यहां ‘वीरू’ की जगह ‘बसंती’ टावर पर थी।
महनार अनुमंडल के स्टेशन रोड इलाके में घटी इस घटना ने करीब 10 घंटे तक पूरे इलाके की सांसें थाम दीं। लड़की टावर पर बैठी रही और नीचे उतरने से साफ इनकार करती रही। देखते ही देखते हजारों की भीड़ जमा हो गई। एक तरफ लोगों में किसी अनहोनी का डर था, तो दूसरी ओर कई लोग इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। महनार के एसडीओ नीरज कुमार और एसडीपीओ प्रवीण कुमार के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घंटों तक अधिकारी युवती को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर पुलिस ने युवती के प्रेमी की तलाश शुरू की। करीब 10 किलोमीटर दूर देसरी थाना क्षेत्र से युवक को ढूंढकर मौके पर लाया गया।
जैसे ही प्रेमी ‘वीरू’ बनकर टावर के नीचे पहुंचा और शादी का वादा किया, तब जाकर ‘बसंती’ नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।