श्रावणी मेले में कांवड़ियों को मिलेगी हर सुविधा, कांवड़िया पथ पर PHED की खास तैयारी
पटना: श्रावणी मेला 2026 को लेकर बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट से झारखंड सीमा के दुम्मा तक कांवड़िया पथ पर पेयजल, शौचालय, स्नानागार और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि भागलपुर, मुंगेर और बांका जिले में कांवड़ियों की सुविधा के लिए करीब 1000 बेड क्षमता वाले टेंट सिटी बनाए गए हैं। यहां शौचालय, यूरिनल, स्नानागार, गर्म पानी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
कांवड़िया पथ पर जल टैंकर, वाटर एटीएम, RO/UV वाटर चिलर और चापाकल के जरिए श्रद्धालुओं को निःशुल्क एवं फिल्टरयुक्त पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्मी और उमस से राहत देने के लिए मिस्ट स्प्रिंकलर, ओवरहेड स्प्रिंकलर और शीतल जल की फुहार की भी व्यवस्था की गई है।
मंत्री ने बताया कि मेले के दौरान पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए विभाग की टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। सुल्तानगंज से दुम्मा तक सहायक अभियंताओं की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है, जो व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करेंगे।
श्रद्धालुओं की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी संचालित किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि पूरे कांवड़िया पथ पर स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।