सारण में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों से रूबरू हुए कृषि मंत्री विजय सिन्हा, मिट्टी की उर्वरता बचाने पर जोर
भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजित कृषि जनकल्याण संवाद में करीब 19 मुद्दों पर हुई चर्चा, 15-16 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य
छपरा/सारण। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सोमवार को सारण जिले के दौरे पर पहुंचे। भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जनकल्याण संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और खेतों की उर्वरता, मिट्टी के प्राकृतिक स्वास्थ्य तथा टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का स्वास्थ्य सीधे खेतों की मिट्टी की सेहत से जुड़ा है। मिट्टी स्वस्थ और पोषक तत्वों से भरपूर होगी, तभी लोगों को शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
प्राकृतिक खेती और मिट्टी संरक्षण पर जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखना, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को प्रोत्साहित करना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। उन्होंने किसानों से मिट्टी की जांच कराने और जरूरत के अनुसार ही खाद एवं उर्वरकों का इस्तेमाल करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि खेतों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल किसानों की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक आंदोलन बनाने की जरूरत है।
स्कूलों में खुलेंगी मिनी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं
विजय सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के सभी 38 जिलों के 629 पीएम श्री और राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से ही मिट्टी की गुणवत्ता और पोषक तत्वों की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि राज्य के 160 पीएम उच्च विद्यालयों में ऐसी प्रयोगशालाएं पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं।
रबी सीजन में 16 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य
कृषि मंत्री के मुताबिक, खरीफ मौसम में राज्यभर में 7,275 किसान बैठकों का आयोजन किया गया, जिनमें 6,19,436 किसानों ने भाग लिया। इनमें 2,12,610 महिला किसान भी शामिल थीं।
अब रबी मौसम 2026-27 में अभियान को राज्य के सभी 534 प्रखंडों तक पहुंचाने की तैयारी है। प्रत्येक प्रखंड की कम से कम दो पंचायतों में विशेष किसान जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से 15 से 16 लाख किसानों तक सीधे पहुंचना है।
19 मुद्दों पर किसानों से संवाद, अधिकारियों को निर्देश
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बीज, कीटनाशक, मिट्टी जांच और उर्वरक समेत कृषि से जुड़े 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, सरकारी योजनाओं और प्राकृतिक खेती से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, जनक सिंह, रंधीर कुमार सिंह, मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह और विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।