हवेली खड़गपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान
मुंगेर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा अम्बेदकर चौक से पटेल चौक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में बिहार सरकार के मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता सहित आमजन शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान, देशभक्ति और नागरिकों में राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने आम लोगों से इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, राष्ट्रभक्ति की धुन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा हवेली खड़गपुर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोगों ने देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और गौरव की भावना का प्रदर्शन किया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने नंदलाल बसु चौक पर महान कलाकार स्व. नंदलाल बसु, अम्बेदकर चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा पटेल चौक पर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में गन्ना उद्योग सह मुंगेर जिला के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, विधायक नचिकेता, विधायक कुमार प्रणय, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, अन्य वरीय अधिकारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।